चन्दौली । सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा मे ग्रीष्मकालीन स्विमिंग कैंप एवं वाद्य यंत्र प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया | इस तपती धूप में बच्चों के लिए मस्ती के साथ तैराकी प्रशिक्षण और सुरम्य गिटार, म्यूज़िकल ड्रम एवं कीबोर्ड हेतु बीस दिवसीय औपचारिक शिविर का आयोजन किया गया था। यह शिविर न सिर्फ अपने विद्यालय के बच्चों के लिए अपितु समस्त चंदौली एवं वाराणसी के बच्चों के लिए भी खुला अवसर था | इस शिविर के दौरान सभी बच्चों ने अपनी रुचिनुसार शूटिंग, आर्चरी, कैरम, टेबल टेनिस, शतरंज जैसे खेलों का भी भरपूर आनंद लिया और कुशल प्रशिक्षकों से बारीकियां भी सीखी। नवीन गुणों को आत्मसात कर विभिन्न विधाओं का आनंद लेते बीस दिनों का समय मानो पंख लगाकर उड़ गया और आज समापन की ओर अग्रसर रहा|
कार्यक्रम का शुभारंभ पदाधिकारी वृंद द्वारा मां शारदा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया | तत्पश्चात गन शॉट्स के साथ सब जूनियर स्विमिंग प्रतियोगिता का आरंभ हुआ | इसी क्रम में जूनियर स्विमिंग प्रतियोगिता, सीनियर स्विमिंग प्रतियोगिता एवं 50 मीटर फ्री स्टाइल स्विमिंग प्रतियोगिता का शानदार प्रदर्शन कर बच्चों ने अपनी दक्षता का अदभुत प्रदर्शन किया जिस पर पूरा विद्यालय प्रांगण करतल ध्वनी से गुंजायमान हो गया | स्विमिंग के पश्चात् वाद्य यंत्रों पर एकल व सामूहिक प्रस्तुति तथा मिश्रित बैंड के कलात्मक प्रदर्शन द्वारा बच्चों ने दर्शक दीर्घा का मन मोह लिया। सभी बच्चे आत्मविश्वास से परिपूर्ण दिख रहे थे।
विद्यालय की परंपरानुसार अभिभावकों को भी इस शिविर का साक्षी बनाया गया और एक दिवस उनके नाम रहा जिसमें अभिभावकों ने हर एक्टिविटी में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और विद्यालय द्वारा प्रदत्त इस सुविधा से अपने बचपन को भी जीवंत किया।
प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार ने ऐसी परिकल्पना आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की थी जिसका लाभ अब संपूर्ण जिले के बच्चों के साथ ही छुट्टियां मनाने आए दूसरे शहरों के बच्चे भी ले रहे हैं। उनके अनुसार इस शिविर का उद्देश्य पानी के प्रति सुरक्षा, आत्मविश्वास में वृद्धि एवं तैराकी के बुनियादी कौशल को बढ़ाने के साथ ही जीवन में रसमय संगीत को सम्मिलित करना है और ग्रीष्मकालीन अवकाश को सार्थकता प्रदान करना भी है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों एवं उन छात्रों के अभिभावकों ने भी अपना अनुभव साझा किया और विद्यालय एवं यहां के प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का परिवेश अत्यंत सुरक्षित एवं पारिवारिक रहा तथा प्रशिक्षकों का धैर्य एवं निष्ठा भी निश्चित तौर पर प्रसंशनीय है | विजेता अभ्यर्थियों को ट्रोफ़ी एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्रों से सम्मानित किया गया |
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्यामसुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना सहित अभिभावक वृंद,प्रशिक्षक गण एवं बच्चों की सौहार्द्र उपस्थिति रही | कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन तरनदीप सिंह बग्गा जी ने किया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *